Tuesday, July 2, 2024
Homepoliticsसीएम अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान राजधानी जयपुर में पार्टी के चुनाव...

सीएम अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान राजधानी जयपुर में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत के साथ निकालेंगे तिरंगा यात्रा

- Advertisement -

(इंडिया न्यूज),जयपुर: (Tiranga Yatra) आम आदमी पार्टी यानी आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार 13 मार्च को राजस्थान में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। बता दें कि इस चुनावी अभियान की शुरुआत राजधानी जयपुर से हो रही है। दोनों नेता सोमवार यानी 13 मार्च को जयपुर में तिरंगा यात्रा निकालेंगे, जिसमें कि पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है।

आप के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी का चुनाव अभियान शुरू करने के लिए राजस्थान पहुंचेंगे।’ विनय मिश्रा ने आगे कहा, ‘जब हम चुनाव लड़ते हैं, तो भाजपा और कांग्रेस एकजुट हो जाते हैं। हमें राजस्थान के लोगों के लिए काम करना है।’

आप राज्य की मौजूदा सरकार पर हमला बोल रही है

इन चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी भी राज्य की मौजूदा सरकार पर हमला बोल रही है। आपको बता दें कि आप राज्य में बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे बड़े मुद्दों के दम पर सीएम गहलोत पर निशाना साध सकती है। साल 2018 के विधानसभा चुनावों में भी आम आदमी पार्टी ने अपनी किस्मत आजमाई थी जहां पार्टी को नुकसान झेलना पड़ा था। 2018 के विधानसभा चुनावों में आप का राजस्थान में खाता नहीं खुला था।

तो वहीं 2023 के चुनावों में आप ने सभी 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है जिसके लिए पार्टी राज्य में अपने संगठन का विस्तार, गांवों में जनसंपर्क जैसे अभियान चला रही है। बता दें कि राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस राज्य में दो दशकों से भी ज्यादा समय तक कांग्रेस और भाजपा ने लगातार शासन किया है।

6 राज्यों में से कांग्रेस-बीजेपी की 2-2 राज्यों में सरकार है

राजस्थान के अलावा केवल साल 2023 की बात की जाए, तो कुल 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें कर्नाटक, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम शामिल हैं। तेलंगाना और मिजोरम को छोड़ दें तो बाकी चार राज्यों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई है।

इन छह राज्यों में से कांग्रेस-बीजेपी की दो-दो राज्यों में सरकार है जबकि दो राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियां काबिज हैं। 2023 में होने वाले छह राज्यों के चुनाव को 2024 के लोकसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट माना जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस-बीजेपी ही नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी भी पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

SHARE
RELATED ARTICLES

Most Popular